-मुख्यमंत्री आज कोयम्बटूर में निवेशकों से करेंगे वन-टू-वन
– 700 से ज्यादा उद्यमियों ने कराया पंजीयन
विशेष संवाददाता
भोपाल। मप्र निवेश के लिए देश में सबसे पसंदीदा राज्य बनने जा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार निवेशकों को आकर्षित करने के लिए ‘इंटरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अर्पोच्यूनिटिज इन मप्रÓ का आयोजन कर रही है। मुंबई के बाद यह आयोजन अब कोयम्बटूर में होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 25 जुलाई को इसका शुभारंभ करेंगे। इस सेशन में अब तक 700 से अधिक निवेशकों और उद्यमियों ने पंजीयन कराया है। मुख्यमंत्री निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। यह आयोजन फरवरी 2025 में होने वाली ‘इन्वेस्ट मप्र: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिटÓ के रोड-टू-जीआईएस श्रृंखला का हिस्सा है।
दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक केंद्र कोयम्बटूर टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के लिए प्रसिद्ध है। इस कार्यक्रम में पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क, आईटी पार्क, टेक्सटाइल एवं गारमेंट, इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेशकों को आकर्षित करने के प्रयास किए जाएँगे। अभी तक राज्य सरकार मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद में निवेश के लिए उद्योपतियों से मुलाकात कर चुकी है। साथ ही उज्जैन, जबलपुर में क्षेत्रीय इंडस्ट्रीज कान्क्लेव का आयोजन हो चुका है। जिनमें 2 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव आ चुके हैं। उज्जैन में निवेश की गति तेज चल रही है। कई निवेशकों को राज्य सरकार ने जमीन का आवंटन भी कर दिया है।
कोयम्बटूर में किया कॉर्प फैक्ट्री का निरीक्षण
मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर को तमिलनाडु के कोयम्बटूर रवाना हो गए। जहां स्थानीय बेस्ट कॉर्प फैक्ट्री का निरीक्षण किया। डॉ. यादव ने कहा कि तमिलनाडु के इस क्षेत्र में मप्र के लिए औद्योगिक दृष्टि से विकास की संभावनाओं को साकार करने के संदर्भ में इस इंडस्ट्रियल बेल्ट में दौरा किया है। मप्र में टेक्सटाइल उद्योग में विकास की बहुत संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेस्ट कॉर्प संस्थान द्वारा उज्जैन में भी इकाई स्थापित की गई है, प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी ऐसी इकाइयां लगें, इसके प्रयास किए जाएंगे। तमिलनाडु के अन्य निवेशकों को भी मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने प्रमुख उद्योगपतियों के साथ रात्रि भोज बैठक में भी हिस्सा लिया।
